बजट खर्च न होने पर डीएम ने जताई नाराजगी

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल ने तमाम विभागों द्वारा 2012-13 का बजट अब तक खर्च न करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 15 दिन के भीतर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। डीएम ने जिला चिकित्सालय में आरईएस द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की जांच सीडीओ डा. राघव लंगर को सौंपी है।
विकास भवन में जिला, राज्य, केंद्र और बाह्य सहायतित योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अवशेष कार्यों को पूर्ण कर उपयोगिता प्रमाण पत्र और फोटोग्राफ प्रस्तुत करने को कहा है। जिलाधिकारी ने कहा विकास कार्यों में लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। निर्माण कार्यों का अन्य एजेंसियों के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से विकास के काम कार्यदायी संस्थाओं के भरोसे न छोड़ने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वयं निर्माण कार्यों का निरीक्षण करें। उन्होंने दैवीय आपदा मद से जारी धनराशि की डिटेल रिपोर्ट मय फोटोग्राफ प्रस्तुत करने के आदेश दिए।
डीएम ने लोनिवि, पेयजल निगम, जल संस्थान डीडीहाट, विधायक निधि, शिक्षा, कृषि, पंचायतीराज, स्वजल, नगर विकास विभाग में धनराशि अवशेष रहने पर 15 दिन के भीतर कार्यों का व्यौरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने 20 सूत्रीय कार्यक्रम में डी श्रेणी पर रहने वाले विभागों को हरहाल में ए श्रेणी लाने के निर्देश दिए।

Related posts