
चंबा। प्रदेश के बजट से चंबा के लोगों को निराशा ही हाथ लगी है। दो दशकों से चंबा के लोगों की बस स्टैंड निर्माण की मुख्य मांग को सरकार ने बजट में पूरा करने का आश्वासन दिया है। यह मुद्दा बजट होने के बावजूद लटका हुआ था। वहीं सरकार ने जनजातीय क्षेत्र पांगी और भरमौर वर्षों पुरानी मांग होली-उतराला और पांगी के लिए चैहणी सुरंग के सर्वे की बात तो कही है, मगर सर्वे पहले भी कई बार हो चुके हैं। इन क्षेत्रों के लोग इसे महज छलावा करार दे रहे हैं। चंबा के मुख्य मार्ग को राष्ट्रीय मार्ग से जोड़ने के लिए केंद्र से बजट मांगा गया है। यह मुद्दा भी पहले उठता रहा है और हर बार चंबा को निराशा ही हाथ लगी है। हालांकि सरकार ने ऊन का समर्थन मूल्य बढ़ाकर भेड़पालकों को राहत प्रदान की है। इससे जिला के सैकड़ों भेड़पालकों को राहत मिलेगी।
जिला में उद्योग स्थापित न कर सरकार ने एक बार फिर जिला के युवाओं को छला है। युवाओं चंदन, देसराज, विनोद कुमार, वीरेंद्र सिंह का कहना है कि सरकार को युवाआें को रोजगार मुहैया करवाने की पहल करनी चाहिए थी।
पांगी कल्याण संघ के महासचिव टीआर भारद्वाज ने बताया कि सरकार को सुरंग निर्माण की तरफ ध्यान देना चाहिए। पांगी कल्याण संघ के कोषाध्यक्ष लेख राज ठाकुर का कहना है कि सरकार को जल्द सर्वे करवाकर चैहनी सुरंग का निर्माण करवाना चाहिए।
इंसेट …..
पेंशनर वर्ग भी निराश
जिला पेंशनर एसोसिएशन के अध्यक्ष पीसी ओबराय ने कहा सरकार ने अपनी चुनावी घोषणा पत्र में वरिष्ठ नागरिकों के लिए डे केयर सेंटर, देवीदर्शन यात्रा शुरू करने की बात कही थी। इस पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है। सरकार ने पेंशनरों का भत्ता बढ़ाकर अच्छा कदम उठाया है।
इंसेट…
मानदेय बढ़ाने का स्वागत किया
सपड़ी वार्ड के पार्षद अमीन मलिक ने कहा सरकार ने पंचायत एवं नप के प्रतिनिधियों का मानदेय बढ़ाकर काफी सराहनीय कार्य किया है। इससे प्रदेश के हजारों प्रतिनिधियों को लाभ मिलेगा।
