बजगर खड्ड में बाढ़, चौंतड़ा में तबाही

चौंतड़ा (मंडी)। चौंतड़ा इलाके में उफनती बजगर खड्ड ने फिर तबाही मचाई है। कई दुकानों और मकानों में पानी व मलबा घुसने से भारी नुकसान हुआ है। विद्युत बोर्ड का ट्रांसफर भी बह गया। बुधबार सुबह मूसलाधार बारिश से बजगर खड्ड में बाढ़ आ गई और इसका पानी चौंतड़ा बाजार में दर्जनों घरों व दुकानों में घुस गया है। चौंतड़ा बिट्टू जनरल स्टोर में लाखों रुपये की मनियारी का सामान पानी से खराब हो गया। इसके अलावा रविंद्र फर्नीचर, राधा स्वामी सत्संग ब्यास परिसर, चंदू लाल मनियारी, पप्पू राम, सुभाष सूद, राकेश कुमार, प्रताप चंद, सतपाल शर्मा, मदन लाल आदि की दुकानों में पानी घुसने से नुकसान हुआ है। लगातार बारिश के चलते लोअर चौंतड़ा में मनु शर्मा का पॉलीहाउस ध्वस्त हो गया। भटेहड़ गांव में अश्वनी सूद, विनोद कुमार, निक्कू, द्रोवड़ी में वनिता, रामू, रतन चंद, राम लाल के मकानों में पानी घुस गया। जिससे घर के अंदर रखे सामान के साथ घरों को नुकसान हुआ है। मियां छोटू, विजय भंगालिया, संतोष चौहान के मकान तथा पशुशाला में पानी घुस गया। बजगर खड्ड तथा नालों के किनारे खेत भी बह गए। चौंतड़ा के बजगर (जांगल) में बिजली का नया ट्रांसफार्मर बह जाने से बिजली बोर्ड को पांच लाख का नुकसान हो गया।चौंतड़ा भटेहड़ में रेलवे पुल को भी नुकसान हुआ है। जिसके चलते जोगिंद्रनगर से रेल सेवा बंद हो गई है।
बजगर खड्ड में खोपू नामक स्थान के पास लगातार लकड़ी के इकट्ठा होने के कारण पानी का बहाब चौंतड़ा की ओर हो गया है। चौंहट गांव में पानी का बहाव कम होने पर दूल्हे की बारात निकालनी पड़ी। चौंहट गांव को खज से जोड़ने वाले और बजगर खड्ड को पार करने वाले पुल गत दिनों बादल फटने से आई बाढ़ से बह गया है। सुबह बारात में जाने के लिए बारातियों व दूल्हे को जान हथेली पर रखकर बजगर खड्ड पार करनी पड़ी है।

Related posts