बच्चों से भरी बस के ब्रेक फेल, पहाड़ी से टकराई

ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर के ज्यूरी के समीप स्कूली बच्चों से भरी बस के ब्रेक फेल हो गए। ऐसे में बस में सवार 50 बच्चों की जान सांसत में पड़ गई। लेकिन चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को खाई में गिरने से बचा लिया और बस को पहाड़ी से टकरा दिया। अगर बस दूसरी ओर खाई में गिरती तो इस हादसे में बड़ी जनहानि हो सकती थी। हालांकि इस दौरान छह बच्चे घायल हो गए हैं। इन्हें उपचार के लिए खनेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद बच्चों के चेहरे पर खौफ साफ नजर आया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय विद्यालय सराहन में पढ़ने वाले एसजेवीएनएल झाकड़ी स्टॉफ के बच्चे शुक्रवार को छुट्टी के बाद बस संख्या एचपी-06-1550 में सवार होकर घर वापिस लौट रहे थे। बस में सेंटर स्कूल के पहली से दसवीं तक पढ़ने वाले करीब 50 बच्चे सवार थे। जैसे ही बस ज्यूरी के नजदीक मंगलाड में पहुंची तो अचानक बस के ब्रेक नहीं लगे। चालक ने बिना देर किए बस चट्टान से टकरा दी। ऐसे में बच्चों से भरी बस खाई में गिरने से बच गई। इस हादसे में छह बच्चे घायल हो गए हैं। इन्हें उपचार के लिए रामपुर के खनेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस के आगे के हिस्से का काफी नुकसान पहुंचा है। बस के चालक रवींद्र नेगी का कहना है कि अचानक बस की ब्रेक फेल हो गई थी। इस कारण बस को पहाड़ी में टकराने के अलावा उनके पास कोई चारा नहीं था। क्योंकि दूसरी तरफ गहरी खाई थी। सूचना पर ज्यूरी चौकी प्रभारी भूप सिंह और झाकड़ी से एसएचओ तिलक राज, एएसआई शेर सिंह, जवाहर सिंह मौके पर पहुंचे। उसी बीच एसजेवीएनएल के डाक्टर और सेंटर स्कूल के मुख्य अध्यापक स्टाफ सहित मौके पर पहुंचे। दूसरे वाहनों के जरिए बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाया गया। एसएचओ तिलक राज ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है, और जांच शुरू कर दी है।

Related posts