बच्चों को मिलेगी वर्दी की सिलाई

चंबा । सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे स्कूली बच्चों को वर्दी की सिलाई के पैसे मिलेंगे। शिक्षा विभाग की ओर से वर्दी की सिलाई का पैसा स्कूलों को जारी कर दिया गया है। इसके लिए स्कूल मुखिया संबंधित बीओ के साथ संपर्क कर सकते हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदेश सरकार की मुफ्त स्कूल यूनिफार्म योजना के तहत शिक्षा विभाग की ओर से गत वर्ष जिला भर के 15 ब्लाक के लिए पहले खेप में 45 हजार 756 बच्चों के लिए वर्दी वितरित की। इसमें 23 हजार 256 छात्रों और 23 हजार 498 छात्राओं के लिए स्कूल की वर्दी वितरित की गई। इन स्कूलों के बच्चों को वर्दी तो दे गई थी, लेकिन सिलाई के पैसे नहीं मिले थे। प्रदेश सरकार ने हाल ही में सिलाई के लिए पैसे स्वीकृत कर दिए हैं। शिक्षा विभाग की ओर से सरकार से स्वीकृत राशि सभी ब्लाक के लिए जारी कर दी है।
सरकार की ओर से पहली से दसवीं कक्षा तक के बच्चों को साल में दो बार मुफ्त वर्दी प्रदान की जाती है। इसके अलावा वर्दी की सिलाई के लिए 200 रुपये दिए जाते हैं। इसी के चलते जिला के स्कूली बच्चों को एक वर्दी की सिलाई के पैसे जारी कर दिए गए हैं। दूसरी वर्दी की सिलाई अभी तक शिक्षा विभाग के पास नहीं पहुंची है। इस संदर्भ में प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक एसके पुंडीर ने बताया कि मुफ्त स्कूल यूनिफार्म की सिलाई का पैसा स्कूलों को जारी कर दिया गया है। स्कूल मुखिया संबंधित बीओ के साथ संपर्क कर सकते हैं।

Related posts