बच्चों की क्षमता का सही आंकलन करना जरूरी: प्रो. तिवारी

भीमताल। हरमन माइनर स्कूल का 27वां वार्षिकोत्सव धूमधाम के साथ शुरू हो गया है। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राफिक ऐरा पर्वतीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार तिवारी और विशिष्ट अतिथि बायोटेक माइक्रोबायलाजी की विभागाध्यक्ष डा. वीना पांडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
विद्यालय सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत प्राइमरी के नन्हें मुन्ने बच्चों ने गणेश स्तुति के साथ की। बाल कलाकारों ने अंग्रेजी की कविता ‘हेयर वी गो राउंड द मलबरी बुश, कुमाऊंनी नृत्य ओ हेमू तू गाड़ी चला, कोरस हम होंगे कामयाब, अंग्रेजी नाटक जस्टिस, हिंदी कविता चिड़िया उड़ती जाए और कव्बाली हम काम के गाने गाते हैं’ जैसे कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी। प्राइमरी के बच्चों के कृष्ण लीला गेंद खेलत हिरत फिरत करत छलबल को दर्शकों ने खूब सराहा। प्रधानाचार्य मोहम्मद अयूब ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि प्रो. तिवारी ने कहा कि जब तक शिक्षक बच्चों की क्षमता का सही आंकलन नहीं करेंगे तब तक बच्चों का विकास संभव नहीं है। उन्होंने मेधावी बच्चों को सम्मानित भी किया। इस मौके पर आल राउंडर बेस्ट स्टूडेंट आफ ईयर और बेस्ट स्पोर्ट्स आफ ईयर का पुरस्कार 5वीं कक्षा के रोहित रावत को और बालिका वर्ग में बेस्ट स्पोर्ट्स आफ ईयर का पुरस्कार सलोनी शर्मा को दिया गया। संचालन प्रतिभा पांडे व दीप्ति साह ने किया। अंत में सुमन रावत ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश नेगी, जेएन कौल बीएड संस्थान की प्राचार्या रंजना रोहला, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षा बीना आर्या, आरएल अमोला समेत कई लोग मौजूद थे।

Related posts