
पालमपुर/धीरा (कांगड़ा)। धीरा में जहर निगलने के मामले में बच्ची के बाद महिला की मौत हो जाने पर रविवार को परिजनों ने महिला का अंतिम संस्कार कर दिया है। महिला की मौत शनिवार शाम टांडा मेडिकल कॉलेज में हो गई थी। मृतका के एक छह वर्षीय बच्ची और 11 माह का बच्चा टांडा मेडिकल कॉलेज में अभी मौत और जिंदगी की बीच जूझ रहे हैं। उनकी हालत में फिलहाल कोई सुधार नहीं है। महिला सरिता ने शुक्रवार को धीरा में बच्चों समेत जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। एक पांच वर्षीय बच्ची दीक्षा की उसी दिन मौके पर मौत हो गई थी, जबकि बच्ची की माता की शनिवार शाम मौत हो गई। महिला को दो बच्चे अभी टांडा मेडिकल अस्पताल में गंभीर अवस्था में भर्ती है। हालांकि, इस मामले के पीछे क्या वजह रही है, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस को महिला के ब्यान का इंतजार था, लेकिन महिला की मौत हो जाने पर पुलिस दुविधा में फंस गई है। पुलिस ने महिला के खिलाफ आईपीसी की धारा 309 और 302 का मुकदमा दर्ज किया है। उधर, डीएसपी नवदीप सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को साैंप दिया है। जबकि महिला के दो बच्चों का टांडा मेडिकल में इलाज चला है।
बोर्ड के गठन की घोषणा पर जताया आभार
पालमपुर (कांगड़ा)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की ओर से राजपूत कल्याण बोर्ड के गठन की घोषणा पर राजपूत युवा सभा के अध्यक्ष डा. बन्नी कटोच ने सीएम का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह मांग पिछले कई सालों से लंबित थी। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इसकी घोषणा कर इस मांग को पूरा कर दिया है। साथ ही ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन की घोषणा पर सभा के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष शांति स्वरूप शर्मा ने भी मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
