बगोड़ी में स्कूल और आंगनबाड़ी से राशन उड़ाया

पुखरी (चंबा)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला बगोड़ी व आंगनबाड़ी केंद्र बगोड़ी में चोरों ने बर्तनों व खाद्य वस्तुओं पर हाथ साफ किया। चोरों ने पांच कमरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। स्कूल प्रबंधन ने चोरी की शिकायत पुलिस में दर्ज करवा दी है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार शनिवार सुबह जब स्कूल की जलवाहक सीमा कुमारी पाठशाला पहुंची, तो वहां पर कमरों के ताले टूटे हुए थे। इसकी सूचना उसने स्कूल के शिक्षकों, एसएमसी प्रधान, कियाणी पंचायत के प्रधान व उप प्रधान को दी। इसके तुरंत बाद एसएमसी के प्रधान राकेश शर्मा, सदस्य चमन शर्मा व स्कूल के शिक्षकों ने विद्यालय को दौरा किया और स्कूल के कमरों को खोलकर देखा तो स्कूल से काफी जरूरी सामान गायब था। उन्होंने बताया कि बगोड़ी स्कूल से 10 लीटर का कूकर, तीन कूकरों के ढक्कन, एक वालीबाल, बैडमिंटन जोड़ी, वालीबाल व बैडमिंटन नेट, रिफाइंड के दो पैकट, मांह, मूंग व चने की दो-दो किलो दालें, 50 किलो चावल की बोरी और एक कुल्लवी शॉल चोरी हो गया है। चोरों ने स्कूल में रखी गोदरेज की अलमारी और ट्रंक के ताले भी तोड़ दिए।

रिफांड, कटोरियां उड़ाई
आंगनबाड़ी की कार्यकर्ता मंजू शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह देखा तो आंगनबाड़ी केंद्र का ताला टूटा हुआ था और आंगनबाड़ी से एक सात लीटर का कूकर, 18 कटोरियां और दो रिफाइंड के पैकट गायब थे। साथ ही कमरे में रखा अन्य सामान बिखरा पड़ा था। कियाणी पंचायत के उप प्रधान सोमदत्त शर्मा ने बताया कि स्कूल और आंगनबाड़ी के ताले तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है। इस मौके पर वार्ड पंच मीना गौतम, जेबीटी दिनेश कुमार, इच्छा देवी, मुन्नो देवी, सीमा कुमारी, एसएमसी सदस्य हितेश कुमार मौजूद रहे। एसएचओ सदर तिलक राज ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।

Related posts