
चंबा (टिहरी)। बगैर रीडिंग बिजली बिल आने से भड़के ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के दफ्तर पर हंगामा काटा। ग्रामीणों का कहना है कि बिल ठीक कराने में उनका अनावश्यक वक्त बर्बाद हो रहा है।
प्रखंड के सौड़, चौपड़ियाल, जड़ीपानी, दिखोल गांव सहित दर्जनों गांवों में इस बार बिना मीटर रीडिंग के भारी भरकम बिल भेजे गए हैं। इतना ही नहीं बिल जमा करने की अंतिम तिथि से एक या दो दिन पूर्व ही ग्रामीणों को बिल थमाए जा रहे है। ऐसे में दूरदराज से आने वाले ग्रामीणों को समय पर बिल जमा कराने की चिंता सता रही है। बता दें ऊर्जा निगम ने जनपद में घर पर ही बिजली बिल देने के लिए एसबीएम स्पॉट बिलिंग मशीन योजना शुरू की थी। योजना के तहत मीटर रीडर को डोर-टू-डोर रीडिंग चेक कर वहीं बिल देना था। लेकिन इस योजना के परवान नहीं चढ़ने से बिना रीडिंग के भारी भरकम बिल भेजे जाने की पुरानी समस्या जस की तस बनी है। शनिवार को उपभोक्ताओं ने ऊर्जा निगम दफ्तर पर हंगामा काटकर विरोध दर्ज कराया। इस मौके पर सुदेव सिंह, राजेश सेमवाल, विनोद प्रसाद, रामसिंह सजवाण, डीएल सकलानी उपस्थित थे।
कोट
मीटर रीडर की हड़ताल के चलते कई स्थानों में रीडिंग नहीं ली जा सकी है। इसे देखते हुए अलग से मीटर रीडर रखे गए हैं, जो घर-घर जाकर लोगों को एसबीएम सुविधा प्रदान करेंगे। रीडिंग के हिसाब से मौके पर बिल बांटेंगे। – विकास भारती, एसडीओ ऊर्जा निगम चंबा
