बगीचे में स्प्रे के लिए सही समय

कुल्लू। घाटी में हुई ताबड़तोड़ बर्फबारी से भले ही देवभूमि कुल्लू के लोगों को परेशानियों से गुजरना पड़ रहा हो, लेकिन बर्फबारी और बारिश ने बागवानी तथा कृषि के लिए संजीवनी का काम किया है। दो दिन से शुष्क चल रहे मौसम के बाद किसान और बागवान अब बागवानी के काम में जुट गए हैं। बागवान बगीचों में ट्री ऑयल स्प्रे करने में लगे हैं। इसके अलावा प्रूनिंग व नए सेब बगीचों के लगाने का काम भी तेज कर दिया है। रिकार्ड बर्फबारी होने से खेत-खलियानों और बाग-बगीचों में पर्याप्त नमी होने से बागवान गदगद हैं। उम्मीद है कि इस बार बंपर सेब की पैदावार होगी। घाटी के प्रगतिशील बागवान रमेश चंद, तिलक राज, लाल चंद ठाकुर, रंजीत राठौर तथा किशोरी लाल ने बताया कि वे लंबे अरसे से मौसम खुलने का इंतजार कर रहे थे। अब मौसम पूरी तरह खुल गया है और सेब बगीचों में ट्री ऑयल स्प्रे सहित सभी बागवानी संबंधी कामों को निपटाने में जोरशोर से जुटे हैं। अनुसंधान अनुसंधान केंद्र बजौरा के सह निदेशक डॉ. जयंत कुमार ने कहा है कि स्प्रे के लिए मौसम बहुत अच्छा चल रहा है। कहा कि जो बागवान नए सेब के बगीचे लगा रहे हैं और प्रूनिंग तथा तौलिया का काम नहीं निपटा पाए हैं, वे समय रहते इस काम को निपटा लें। उन्होंने कहा कि जिस हिसाब से इस बार बर्फबारी तथा बारिश हुई है, इससे सेब सहित अन्य फसलों की भी अच्छी पैदावार होगी।

Related posts