बगली, तंगरोटी, सुक्कड़ में लाखों के शिलान्यास

धर्मशाला। शहरी एवं विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने शनिवार को बगली में 43 लाख रुपये से निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला रखी। इसके बनने से 7 पंचायतों के लोगों को लाभ मिलेगा।
इस मौके पर सुधीर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने हेतु संकल्पबद्ध है। इससे पूर्व सुधीर ने तंगरोटी खास में लगभग 79 लाख रुपये की अनुमानित लागत से प्रस्तावित सालिग-जरटेहड़ पेयजल योजना के संवर्द्धन एवं सुदृढ़ीकरण की आधारशिला रखी। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र की पांच पंचायतों पासू, ढगवार, बगली, घणा और इच्छी के लिए 3क़रोड़ रुपये की एक महत्वाकांक्षी योजना की डीपीआर तैयार करके नाबार्ड को भेजी गई है। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए नई ईसीजी मशीन स्थापित करने की घोषणा भी की। इसके उपरांत शीला और सुक्कड़ में 16-16 लाख रुपए की अनुमानित लागत से प्रस्तावित उप-स्वास्थ्य केंद्रों की आधारशिला भी रखी। इससे पहले बगली के पंचायत प्रधान भाग सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए पंचायत की समस्याओं का जिक्र किया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य हरभजन सिंह ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. केएस गुरुंग, एसडीएम डा. हरीश गज्जू, निदेशक जीआईसी रामस्वरूप शर्मा सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इसके पश्चात उन्होंने शाम को शीला चौक में लगभग 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 30 दुकानों का शिलान्यास किया। उन्होंने इसके बाद 80 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित अघंजर महादेव परिसर के सौंदर्यीकरण की आधारशिला रखी।

Related posts