
बिलासपुर। भाई का चालान कटने के बाद पुलिस कर्मी पर धौंस जमाने के आरोप लगने के बाद विधायक बंबर ठाकुर ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठाए हैं। उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा और मेरे अपने ही कुछ लोगों की शह पर पुलिस कार्य कर रही है। उनकी लोकप्रियता को खराब करने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार और एक षड्यंत्र करार दिया।
उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी ने उन पर आरोप लगाया है कि भाई के फोन करने पर वह मौके पर पहुंचे थे। इस मामले की जांच की जानी चाहिए। उनके और भाई के पूरे दिन की फोन कॉल डिटेल चेक की जानी चाहिए। किसने रोजनामचे की प्रति लीक की, इसकी भी जांच होनी चाहिए। यह भाजपा और मेरे अपने ही कुछ हताश लोगों की साजिश है। कालेज चौक पर जूस बेचने वाले और एक अन्य व्यक्ति को कुछ गुंडातत्व पीटते हैं लेकिन उनकी एफआईआर दर्ज नहीं होती। मेरी छवि खराब करने के लिए सदर में धड़ाधड़ चालान किए जा रहे हैं। जिला भर में जनवरी से मई तक लगभग सात हजार चालान हुए हैं। इनमें से पांच हजार उन्हीं की विधानसभा क्षेत्र के हैं।
