
पधर (मंडी)। उपमंडल की ग्राम पंचायत कुन्नू के बावली गांव में बंदूक से महिला पर गोली चलाने के आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपी जगदीश चंद पुत्र उधमिया राम गांव बावली बड़ीधार का ही रहने वाला है। जिसने शुक्रवार को महिला पर घास काटते समय सूअर समझकर गोली दागी थी। हिरासत में लेने के बाद पुलिस अब उसे न्यायालय में पेश करेगी। पुलिस ने आरोपी को आईपीसी 336, 337, आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ने खेत में सूअर समझ कर ही गोली चलाई थी। जिससे बुजुर्ग महिला डिबली देवी घायल हो गई। गोली चलाने से पहले यह नहीं जांचा कि क्या वहां सच में ही कोई सूअर है। गनीमत यह रही कि गोली महिला के बाजू पर लगी। वहीं, पुलिस के मुताबिक आरोपी ने जिस बंदूक से गोली चलाई है, वह बंदूक उसकी अपनी नहीं है। बल्कि किसी और की है, जो अच्छरू राम पुत्र कातकू राम निवासी बावली के नाम से जारी है। इसके अलावा आरोपी के पास किसी प्रकार के हथियार का लाइसेंस भी मौजूद नहीं है। इधर, पधर पुलिस थाना प्रभारी संजीव सूद ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए तहकीकात कर रही है। आरोपी से सभी प्रकार के साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। मामले में किसी प्रकार की ढील नहीं बरती जाएगी। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।
