
पालमपुर (कांगड़ा)। बंदला गांव के पास दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई है और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक को टांडा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को बंदला गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार युवक नीचे गिरते ही बेहोश हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बाइक सवारों को बेहोशी की हालत में गाड़ी में डालकर पालमपुर अस्पताल पहुंचाया। यहां दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए इन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज उपचार के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन घायल युवकों में ऋषि राज पुत्र देश राज निवासी उस्तेहड़ की रास्ते में मौत हो गई है। सन्नी कुमार पुत्र अमर चंद निवासी न्यूगल कैफे (आइमा) को टांडा मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, डीएसपी नवदीप सिंह ने कहा कि बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई है। जबकि, एक को टांडा में दाखिल करवाया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
