बंजार से होगा कांग्रेस के प्रचार का आगाज

बंजार (कुल्लू)। मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के चुनाव प्रचार के अभियान का आगाज देवभूमि कुल्लू के उपमंडल बंजार से होगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह खुद यहां प्रचार करने आ रहे हैं। विस चुनाव में कांग्रेस को बंजार विस से नौ हजार से अधिक मतों की लीड मिली थी। लिहाजा इस क्षेत्र पर कांग्रेस का खास फोकस है।
वहीं कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चुनावी अभियान को लेकर बैठकें भी शुरू कर दी हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के चुनाव प्रचार अभियान का आगाज मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह उपमंडल बंजार से ही करेंगे। बंजार कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि एक जून को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बंजार दौरे पर आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस दौरान वे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मंडी संसदीय उपचुनाव को लेकर संबोधित करेंगे। बताया कि एक जून को मुख्यमंत्री 10 बजे बंजार के गाड़ागुशैणी, दोपहर एक बजे उपमंडल मुख्यालय बंजार, साढे़ तीन बजे उपतसील सैंज और 6 बजे बजौरा में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि बंजार कांग्रेस पार्टी ने मुख्यमंत्री के बंजार दौरे को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Related posts