बंगा टिंबी उठाऊ पेयजल योजना ठप

राजपुर (सिरमौर)। उपमंडल सतौन के अंतर्गत आने वाली बंगा टिंबी उठाऊ पेयजल योजना बिजली की लाइनों में तकनीकी खराबी के कारण पिछले दो दिन से बंद पड़ी हुई है। इसके चलते इस योजना के अंतर्गत आने वाली नघेता व टारू डांडा पंचायत के हजाराें परिवारों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों में तोता राम शर्मा, सुमेर चंद शर्मा, टीका राम व अमित ने बताया कि पिछले दो दिन से विद्युत विभाग की जो लाइन योजना से जोड़ी गई है। वह खराब हो गई थी जिसकी वजह से नघेता व टारू डांडा पंचायतों में पीने के पानी की भारी परेशानी बनी हुई है। ग्रामीणों को घरेलू जरूरत व पशुओं को पानी पिलाने के लिए कई मीलों दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है।
इससे ग्रामीणों का अधिकतर समय पानी ढोने में व्यतीत हो रहा है। दोनों पंचायतों के ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से शीघ्र ही लाइन को दुरुस्त करने की मांग की है ताकि उन्हें समस्या से शीघ्र निजात मिल सके।
उधर इस संबंध में विद्युत उपमंडल सतौन के कनिष्ठ अभियंता बलदेव सिंह ने बताया कि योजना की लाइन में तकनीकी खराबी आने से समस्या आई है। शीघ्र ही विद्युत लाइन को दुरुस्त लोगों की समस्या को बहाल कर दिया जाएगा।

Related posts