
मंडी। ऐतिहासिक पड्डल मैदान में खेली जा रही 26वीं सतगुरु प्रताप मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता अब रोमांचक दौर में प्रवेश कर गई है। नामधारी स्पोर्ट्स क्लब के महासचिव राजेंद्र सिंह राजा ने बताया कि प्री एवं क्वार्टर फाइनल मुकाबले शुरू होने वाले हैं। बुधवार को मंडी की तीन मशहूर टीमें सिंह गारमेंटस, रतन ज्वैलर्स और यार्कशायर मैदान में उतरेंगी। मंगलवार को पहला मैच फ्रेंड्स एकादश और स्ट्राइकरस के बीच खेला गया। फ्रेंड्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 126 रन बनाए। इसमें हितेश ने 39 और वरुण ने 34 रन बनाए।
स्ट्राइकर के गेंदबाज लेखराज ने दो विकेट लिए। जवाब में स्ट्राइकर की टीम तीन विकेट पर 80 रन ही बना पाई। इसमें अक्षय ने 35 और बंटी ने 18 रनों का योगदान दिया। फ्रेंड्स के गेंदबाज प्रदीप ने एक विकेट लिया। फ्रेंड्स ने यह मैच 46 रनों के अंतर जीत लिया। दिन का दूसरा मैच थर्ड आईआरबी और बाबा क्लब पधर के बीच खेला गया। बाबा क्लब ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 107 रन बनाए। इसमें विजय ने 44 और हरिओम ने 19 रनों का योगदान दिया।
थर्ड आईआरबी के गेंदबाज विक्रम ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी थर्ड आईआरबी की टीम ने छह विकेट के नुकसान पर 112 रन बनाकर चार विकेट से जीत दर्ज की। इसमें मन्नु राणा ने 22 और अतुल ने 16 रन बनाए। बाबा क्लब के गेंदबाज सन्नी ने दो विकेट लिए। दिन का तीसरा और अंतिम मैच एसपी इलेवन और एमजीसीए बालीचौकी के बीच खेला गया। बालीचौकी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 88 रन बनाए। इसमें सिकंदर ने 23 और हैप्पी ने 21 रन ठोंके। एसपी इलेवन के गेंदबाज चमन और रंजय ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में एसपी एकादश छह विकेट के नुकसान पर 83 रन ही बना पाई। एमजीसीए बालीचौकी ने पांच रन से मैच जीत लिया।
