
मंडी। पड्डल मैदान मेें जारी सातवीं शिवा कप क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को तीन मैच खेले गए। इसमें विलेजर एकादश, कोटली डिलक्स तथा फ्रेंड्स एकादश ने जीत दर्ज की। फ्रेंड्स एकादश ने इस जीत के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। रविवार को पहला मैच ओटा गुटकर तथा विलेजर एकादश के मध्य खेला गया। टॉस जीतकर विलेजर एकादश ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओटा गुटकर ने निर्धारित ओवराें में नौ विकेट खोकर 79 रन बनाए। जवाब में विलेजर एकादश ने पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य अर्जित कर लिया। राजू ने नाबाद 21 रनाें की पारी खेली। दूसरे मैच में कोटली डीलक्स तथा एचआरटीसी एकादश के बीच मुकाबला हुआ। एचआरटीसी एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 90 रन बनाए। इसमें सुनील कुमार ने नाबाद 51 रनाें की पारी खेली। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोटली डीलक्स ने चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इसमें विजय ने नाबाद 34, जबकि खेमचंद ने 16 रनों का योगदान दिया। कोटली डीलक्स ने छह विकेट से मैच जीत लिया। एक अन्य मुकाबले में फ्रेंड्स एकादश ने रामनगर एकादश को शिकस्त दी। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए फ्रेंड्स ने निधारित ओवराें में तीन विकेट पर 107 रन बनाए। अन्नी ने नाबाद 26, जबकि गुंजन ने नाबाद 23 रनाें की भूमिका निभाई। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी रामनगर एकादश पांच विकेट के नुकसान पर 93 रन बना सकी। मनजीत ने सर्वाधिक 24 रन बनाए। इधर, नामधारी स्पोर्ट्स क्लब महासचिव राजेंद्र राजा ने बताया कि प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मैच 15 जनवरी, जबकि फाइनल मुकाबला 16 जनवरी को खेला जाएगा।
