फोरलेन होगा शिमला-कांगड़ा एनएच

धर्मशाला। शहरी विकास एवं आवास मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि शिमला-कांगड़ा राष्ट्रीय उच्चमार्ग-88 को फोरलेन बनाने के लिए मामला केंद्रीय परिवहन एवं उच्च मार्ग मंत्रालय के सक्षम उठाया गया है। 197 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय उच्च मार्ग को फोरलेन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मार्ग 5 जिलों से गुजरने के अतिरिक्त प्रदेश के तमाम जिलों को जोड़ता है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की ओर से प्रदेश के लिए 9 नए राष्ट्रीय उच्च मार्ग स्वीकृत करने का भी मामला केंद्र के समक्ष उठाया गया है। सरकार ने प्रदेश के सभी राजस्व गांवों को सड़क से जोड़ने के लिए महत्वाकांक्षी परियोजना तैयार की है। केंद्रीय परिवहन एवं उच्च मार्ग मंत्रालय द्वारा पांच राष्ट्रीय उच्च मार्गों की शीघ्र स्वीकृति देने का आश्वासन दिया है। इसमें 60 किलोमीटर लंबे हमीरपुर-सुजानपुर-पालमपुर मार्ग, 112 किलोमीटर लंबाई वाले ब्रह्मपुखर-बिलासपुर-सरकाघाट-बैजनाथ मार्ग, 133 किलोमीटर लंबे भरमौर-चंबा-पठानकोट मार्ग और 106 किलोमीटर लंबे तारादेवी-कुनिहार-नालागढ़ मार्ग शामिल हैं। प्रदेश सरकार ने 750 किलोमीटर लंबाई वाले चार महत्वपूर्ण राज्य उच्च मार्गों को स्तरोन्नत करके राष्ट्रीय उच्च मार्ग बनाने का मामला भी उठाया है। इस पर केंद्र सरकार ने सैद्धांतिक रूप से स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके अतिरिक्त सरकार ने नगरोटा-रानीताल-मुबारिकपुर को भी राष्ट्रीय उच्च मार्ग बनाने का मामला उठाया है।

Related posts