
सुंदरनगर (मंडी)। फोरलेन संयुक्त संघर्ष समिति ने बुधवार को सुंदरनगर के जवाहर पार्क से ललित नगर तक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। रैली में नौलखा, तरोट, कनैड, भौर और डडौर के लगभग 200 लोगों ने भाग लिया। संघर्ष समिति ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों का पुतला फूंक कर रोष जताया। रैली के बाद हिमाचल किसान सभा और व्यापार मंडल, युवक मंडल, महिला समिति, महिला मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम केमाध्यम से केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री आस्कर फर्नांडिस को ज्ञापन भेजा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रस्तावित फोरलेन से प्रभावित लोगों ने जवाहर पार्क में एकत्रित होकर अपनी मांगों और नेशनल हाईवे विभाग के अधिकारियों के रवैये को लेकर रैली निकाली। केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा गया कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण की रिपोर्ट अनुसार वर्तमान सड़क पर केवल 47 मकान और दुकानों को अधिकृत किया जा रहा है और जिसका मुआवजा 5 लाख रुपये प्रति मकान दर्शाया गया है। जबकि सड़क के किनारे 145 मकानों और दुकानों को एनएचआई की ओर से निशान लगाए गए हैं। प्रस्तावित फोरलेन से होने वाली समस्याओं को ध्यान में रखते हुए बाईपास 45 मीटर चौड़ा बनाने का अनुरोध किया है। प्रस्तावित फोरलेन पुंघ गांव से सुंदरनगर बाईपास होते हुए धनेश्वरी गांव से नौलखा आ रहा है। इसे धनेश्वरी से नौलखा के बजाय लगभग डेढ़ किलो मीटर न आकर सीधे सुकेती खड्ड के किनारे डडौर पुल के पास मिलाया जाए। जिसमें प्राधिकरण का कोई खर्चा व विस्थापन भी नहीं होगा। साथ ही सड़क की चौड़ाई 24 मीटर के बजाय 45 मीटर की जाए और नौलखा से डडौर तक सड़क के दोनों तरफ सर्विस रोड का प्रावधान किया जाए। किसान सभा व व्यापार मंडल ने एसडीएम हरि सिंह राणा के माध्यम से सरकार व प्रशासन से अनुरोध किया है कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण को उपरोक्त समस्याओं के बारे एवं इनके समाधान को ठोस कदम उठाने को कहा जाए। इस मौके पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष जोगिंद्र वालिया, सचिव गुरिया राम, विजय अबरोल, परस राम, निक्का राम चौधरी, जितेंद्र ठाकुर, विजय ठाकुर, चेत राम नायक, गुरिया राम, रामपाल आदि लोग मौजूद रहे।
