फोन बंद पर, थमाए जा रहे भारी बिल

गोहर (मंडी)। कमरूघाटी की सुक्कीबाईं एक्सचेंज के सैकड़ों उपभोक्ता बीएसएनएल के खिलाफ भड़क गए हैं। आरोप है कि निगम की केबल चोरी होने के बाद महकमा उन्हें दूरभाष सुविधा मुहैया नहीं करवा रहा है। उल्टे बिना सुविधा के हर माह उपभोक्ताओं को भारी भरकत बिल थमाए जा रहे हैं। सुंदरनगर दूरभाष केंद्र की एक्सचेंज सुक्कीबाईं के टेलीफोन पिछले 5 मार्च के बाद केबल चोरी होने के कारण बंद पड़े हुए हैं। अधिकारी केबल चोरी होने के डर से क्षेत्र में नई केबल डालने से पीछे हट रहे हैं। जिससे क्षेत्र के सैकड़ों उपभोक्ताओं को पिछले करीब पांच माह से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिना फोन सुविधा के ही उपभोक्ताओं को हर माह बिल भेजे जा रहे हैं। जिससे उपभोक्ता मानसिक परेशानी से जूझ रहे हैं। कुछ गांवों से तो निगम टेलीफोन सेट भी उठा ले गया है। क्षेत्र के उपभोक्ताओं आशीष ठाकुर, सतीश ठाकुर, बेसर मस्ताना, हेम सिंह ठाकुर, पूर्व सैनिक हेमराज ठाकुर, डा. गंगा राम, प्रकाश ठाकुर, महेंद्र, लीला प्रकाश, चंद्रमणि, चूड़ामणि, भीम सिंह ठाकुर, भोला राम समेत अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि निगम बिना लैंड लाइन फोन सुविधा के उन्हें बिल भेज रहा है। वे जल्द कोेर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
इधर, बीएसएनएल सुंदरनगर स्थित सहायक अभियंता केआर सांख्यान ने फोन सुविधा बंद होेने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि निगम फोन बिलों की रकम को एडजस्ट करेगा तथा जल्द उपभोक्ताओं को लैंड लाइन सुविधा मुहैया करवाई जा रही है।

Related posts