
लंबागांव (कांगड़ा)। अप्पर लंबागांव में कई दिनों से फोन डेड होने से लोगों में बीएसएनएल के खिलाफ रोष पनपने लगा है। ऐसे में लोग अब निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने लग पड़े हैं। इलाके में कई लोगों के तो छह माह से फोन खराब पड़े हैं। इससे अब लोगों ने अपने फोन कटवाने का मन बना लिया है। लोग कई बार निगम के अधिकारियों से भी शिकायत कर चुके हैं। अब लोगों ने निगम को साफ चेता दिया है कि उनके फोन ठीक किए जाएं अन्यथा वह अपने फोन कनेक्शन कटवा देंगे।
हालांकि कई लोग इलाके में पहले ही अपने फोन कटवा चुके हैं। इलाके के संजय कुमार, फूल सिंह, सतपाल, संतोष, नीलम चौहान आदि का कहना है कि उनके फोन पिछले कई महीनों सें बंद पड़े हैं। लेकिन आज तक वह ठीक नहीं हुए हैं। कई बार निगम के अधिकारियों को बताया गया, लेकिन आज तक फोन ठीक नहीं किए गए। इससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि निगम ने अब उनके फोन जल्द ठीक नहीं किए गए तो वह अपने फोन कटवा देंगे। जयसिंहपुर समेत कई इलाकों में यह समस्या बनी हुई है। उधर, निगम की डीईटी रुकमणि देवी ने कहा कि जयसिंहपुर में ओेएफसी कट जाने के कारण समस्या आई है। जबकि अप्पर लंबागांव दूरभाष केंद्र में भारी बरसात के कारण तकनीकी खराबी आई है। इसे जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा।
