
ठियोग (शिमला)। उपमंडल ठियोग के साथ लगते महासू पीक में सैलानी जोड़े के साथ हुए अभद्र व्यवहार को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार केरल से यहां आए विष्णु ई जी अपनी पत्नी के साथ कुफरी के पास महासू पीक पर आए थे। रविवार को यहां पहुंचे दंपति ने कुफरी आते ही घोड़े किराये पर लिए और साथ ही एक फोटोग्राफर भी साथ में ले लिया। इस दौरान फोटोग्राफर ने उक्त लोगों के करीब 25 फोटो लिए। इसके बदले 1500 रुपये की मांग की। लेकिन, सैलानियों विष्णु और उनकी पत्नी ने दस फोटो ही पसंद किए लेकिन फोटोग्राफर ने 1500 रुपये की मांग की। पैसे न देने पर फोटोग्राफर यूनियन के प्रधान और फोटोग्राफर राजेंद्र ने डरा घमका कर उक्त लोगों से पैसा ले लिया। इसके बाद उक्त जोड़े ने इसकी सूचना पुलिस थाना ठियोग में दी। पुलिस ने कोटी निवासी राजेंद्र और फोटोग्राफर यूनियन के प्रधान पर मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है। डीएसपी ठियोग डीएसपी सागर चंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
