‘फैलिन’ के बाद ‘हेलेन’ की दस्तक, आंध्र तट पर मूसलाधार बारिश

‘फैलिन’ के बाद ‘हेलेन’ की दस्तक, आंध्र तट पर मूसलाधार बारिश

हैदराबाद: बंगाल की खाड़ी में बना हुआ चक्रवाती तूफान ‘हेलेन’ शुक्रवार को दिन में आंध्र प्रदेश तट पर दस्तक दे रहा है। जिससे कुछ हिस्सों में अभी से मूसलाधार बारिश शुरू हो गई है। चक्रवाती तूफान के मद्देनजर तटीय जिलों में चेतावनी जारी कर दी गई है। पिछले ही महीने विनाशकारी चक्रवात ‘फैलिन’ का दंश झेल चुके आंध्रप्रदेश के समक्ष अब एक और गंभीर चक्रवात ‘हेलेन’ का खतरा पैदा हो गया है जिसमें 110 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से हवा चलती है। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान हेलेन के आज किसी भी समय आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट से टकराने की आशंका है। केंद्र शासित क्षेत्र पुडुचेरी पर भी हेलेन का असर पड़ सकता है।

पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में मौजूद इस चक्रवाती तूफान के आज शाम कृष्णा जिले में मछलीपटनम के समीप आंध्रप्रदेश तट के पार करने की संभावना है। इसकी गाज तीन अन्य जिलों- गुंटुर, पश्चिम और पूर्वी गोदावरी जिले पर गिर सकती है। चक्रवात से कच्चे मकानों, झोपडिय़ों, बिजली एवं संचार सुविधाओं को नुकसान पहुंच सकता है। चक्रवात के मद्देनजर प्रशासन ने तैयारी कर ली है। नुकसान को कम करने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं निचले इलाके खाली करा लिए गए हैं।

इसरो के मंगल यान ने भेजी पहली तस्वीर, हेलन को किया कैद
लाल ग्रह के लिए भेजे ग भारत के पहले अभियान के तहत प्रक्षेपित मंगल यान ने आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहे भीषण चक्रवाती तूफान ‘‘हेलन’’ की तस्वीरें कैद कर भेजी हैं। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कल बताया कि मंगलयान ने पृथ्वी की तस्वीरों का पहला सेट भेजा है जिसमें भारतीय उपमहाद्वीप एवं अफ्रीका के कुछ भागों की तस्वीरों को कैद किया गया है। तूफान की तस्वीरें मंगलवार को ली गई थीं।

Related posts