
राजपुर (सिरमौर)। राजबन पुलिस चौकी के अंतर्गत बांगरन सिंचाई स्कीम के समीप रविवार रात तीन अज्ञात हमलावरों ने तेज धारदार दराट से एक फैक्टरी कर्मी की हत्या कर दी। चीख पुकार सुन लोग मौके पर पहुंचे तो हत्यारे उसे सड़क पर फेंककर बाइक से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकेबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू की, लेकिन वे हाथ नहीं आए। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब 11 बजे बलवंत कुमार (35) पुत्र कांशीराम निवासी बांगरन वार्ड दो, ग्राम पंचायत फूलपुर फैक्टरी से लौट रहा था। बांगरन चौक से जैसे ही वह अपने घर की ओर मुड़ा तो सिंचाई स्कीम के निकट घात लगाकर बैठे हमलावरों ने बलवंत कुमार के सिर, मुंह, टांगों पर तेज धारदार हथियार से हमला कर दिया। हत्यारों ने बलवंत का गला भी दबाया, मृतक के गले पर इसके निशान पाए गए। हमलावरों की संख्या तीन बताई जा रही है। वे बाइक में सवार होकर पहुंच थे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक पर इतनी तेजी से फरार हुए कि बाइक का नंबर तक नोट नहीं कर पाए।
उधर, पुलिस अधीक्षक सुमेधा द्विवेदी, डीएसपी पांवटा नरवीर सिंह राठौर, एसएचओ भीष्म ठाकुर, हेड कांस्टेबल दाताराम शर्मा और संदीप कुमार ने मौके का मुआयना किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। सोमवार को मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
कत्ल से पहले किसका आया फोन?
बताया जा रहा है कि घटना से पहले बलवंत कुमार के परिजनों को उसके बारे में फोन भी आया था। पूछा था कि बलवंत कब तक घर आएगा। फोन करने वाले ने अपनी पहचान नहीं बताई और चंद सेकंड बाद फोन काट दिया। पुलिस फोन डिटेल भी खंगाल सकती है। पंचायत प्रधान तारो देवी, पूर्व प्रधान रामपाल ने बताया कि कत्ल के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
