फेल हो गई बहुगुणा सरकार: निशंक

काशीपुर। पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। प्रदेश में विकास व प्रशासन के कोई मायने नहीं रह गए।
शनिवार को डा.निशंक ने हल्द्वानी में आपदा पीड़ितों की मदद को आयोजित सरगमी सुरताल कार्यक्रम में भाग लेने जाते समय यहां गौतमनगर स्थित भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी खिलेंद्र सिंह के आवास पर पत्रकार वार्ता की। उन्होंने संवैधानिक संकट बता कहा कि बहुगुणा सरकार सत्ता में रहने का अधिकार खो चुकी है। मंत्रियों व विधायकों को आपस में उलझने से फुरसत नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में केदारनाथ क्षेत्र समेत अन्य स्थानों पर आई आपदा के विषय में सरकार को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए था। प्रदेश में होने वाले लोकसभा चुनाव मेें भाजपा पांचों सीटों पर अपना परचम लहराएगी। निशंक ने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में भाजपा विधायक सरकार से उसकी असफलता के विषय में जवाब मांगेंगे।
साथ ही भाजपा द्वारा जिला, प्रदेश व तहसील स्तर पर आंदोलन छेड़कर विधानसभा घिराव की तैयारी की जा रही है। इस मौके पर प्रदेश कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता, ईश्वर चंद्र गुप्ता, शिक्षा चौधरी, सीमा चौहान, ऊषा शर्मा, विनीता चौहान, कुसुम शर्मा, राजदीपिका मधुर, गुरविंदर सिंह चंडोक, मनोज जग्गा आदि मौजूद थे।

Related posts