
चैलचौक (मंडी)। फूड प्वाइजनिंग से चार बच्चों की हालत खराब हो गई। गंभीर हालत में इन्हें उपचार के लिए गोहर अस्पताल भरती करवाया गया। यहां इनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। मामला चैलचौक के भग्यार गांव का है। रात का खाना खाने के बाद बच्चों को उल्टियां शुरू हो गई। सभी बच्चे अलग-अलग परिवारों से संबंध रखते हैं और इनके घर भी एक दूसरे से काफी दूर हैं। बताया जा रहा है कि दिन के समय ये सभी एक साथ खेल रहे थे। इसी दौरान इन्होंने किसी वस्तु का सेवन कर लिया। इससे रात को खाने के बाद इनकी तबीयत बिगड़ गई।
उल्टियाें का सिलसिला जब काफी देर तक नहीं थमा तो परिजन बच्चों को अस्पताल ले गए। जहां इनका उपचार जारी है। बच्चाें की हालत में अभी सुधार बताया जा रहा है। रात करीब दस बजे भग्यार निवासी राजेंद्र कुमार की 5 वर्षीय बेटी श्रेया, गौरव (2) पुत्र चंद्र सिंह, हिमानी (4) तथा दीपिका पुत्री अवध कुमार की अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजनाें ने बताया कि तबीयत बिगड़ने के बाद सभी बच्चों को उल्टियां शुरू हो गई। यह सिलसिला नहीं थमा तो बच्चाें को 108 नंबर आपातकालीन एंबुलेंस तथा निजी वाहनों के माध्यम से सीएचसी गोहर पहुंचाया गया। जहां बच्चाें में फूड प्वाइजनिंग की पुष्टि हुई।
बीमार सभी बच्चों के घर एक-दूसरे से दूर हैं। चिकित्सकों से पता चला कि सभी बच्चों ने दूषित खाद्य सामग्री का सेवन कर लिया था। जिससे फूड प्वाइजनिंग हो गई। इधर, सीएचसी गोहर में तैनात चिकित्सक सुनीश शर्मा ने बताया कि उक्त सभी बच्चाें को जब रात्रि अस्पताल लाया गया तो उनकी हालत नाजुक थी, लेकिन उपचार के बाद अभी बच्चों की हालत में सुधार है। उन्होंने अभिभावकाें से बच्चों को दूषित चीजाें के सेवन से सावधानी बरतने की हिदायत दी है।
