फुटपाथ पर झूल रही रैलिंग, लेंटर में बड़े छेद

शिमला। लोनिवि ने बजट के अभाव में टालैंड-खलीनी के लिए बन रहे फुटपाथ का निर्माण आधे में ही बंद कर दिया है। फुटपाथ का निर्माण पूरा न होने की वजह से खलीनी की ओर आने-जाने वाले सैकड़ों लोगों और पोर्टमोर, एडवर्ड स्कूलों के छात्रों को ट्रैफिक के बीच सड़क से ही पैदल जाना पड़ता है। इस फुटपाथ पर कहीं रैलिंग झूल रही है तो कहीं लेंटर में बड़े छेद हैं। रास्ता आधे में बंद होने की वजह से रैलिंग क्रास कर लोगों को सड़क पर आना पड़ रहा है। लोगों की मांग पर टालैंड तक तो पैदल मार्ग का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, लेकिन इससे आगे खलीनी की ओर काम अधूरा है।
खलीनी की ओर से रोजाना सैकड़ों लोग पैदल सड़क से ही आते-जाते हैं। सबसे अधिक समस्या स्कूली बच्चों को आती है। हिमलैंड से वन विभाग के मुख्यालय तक पैदल मार्ग है, मगर आगे यह रास्ता बंद कर दिया गया है। इससे लोगों को रैलिंग पार कर फिर से सड़क में पहुंचना पड़ता है। उधर, पोर्टमोर स्कूल के नीचे से टालैंड तक पैदल रास्ते में कहीं लेंटर डला है तो रैलिंग नहीं। कहीं एंगल ही बिछाए गए हैं।
————–
बजट मिलने पर शुरू होगा काम : दीपक
लोनिवि के एक्सईएन दीपक राज का कहना है कि जेएनएनयूआरएम के तहत इस पैदल मार्ग को भी डाला जाना है। बजट का प्रावधान होने पर ही कार्य किया जा सकेगा।
——–
जल्द बने फुटपाथ : पार्षद
खलीनी वार्ड के पार्षद प्रवीण कुमार ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि फुटपाथ के अधूरे कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि रोजाना पैदल चलने वाले लोग सुरक्षित चल सकें।

Related posts