
बिलासपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने बीबीए, बीसीए में की गई फीस वृद्धि के निर्णय का कड़ा विरोध किया है। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा इस निर्णय को जल्द ही वापस नहीं लिया गया तो विद्यार्थी परिषद को आंदोलन रास्ता अख्तियार करना पड़ेगा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई की बैठक का आयोजन जिला प्रमुख मनजीत नड्डा की अध्यक्षता में किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा छात्र हित को दरकिनार किया जा रहा है। एक ओर जहां प्रथम वर्ष के छात्रों के प्रवेश के लिए रूसा का निर्णय लिया गया। बीबीए, बीसीए की कक्षाओं में फीस वृद्धि की गई है। जो छात्र हित में नहीं है। जिन छात्रों को रूसा प्रणाली के तहत प्रवेश नहीं मिला है। उन छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया गया है। नड्डा ने कहा कि प्रदेश विश्वविद्यालय को छात्र हित को देखते हुए फीस वृद्धि तथा रूसा प्रणाली के निर्णय को रद कर देना चाहिए। छात्रों को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। बैठक में एबीवीपी इकाई अध्यक्ष आदित्य ठाकुर ने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान छात्रों की मदद के लिए मार्गदर्शन केंद्र लगाया गया है। विद्यार्थी परिषद छात्र हित की अनदेखी सहन नहीं करेगी। बैठक में इकाई सचिव संदीप चंदेल, उपाध्यक्ष राजकुमार, सुनील, अनीश, संदीप, चंद्रशील, नितेश, अनिल, सुशील, सह सचिव रोहित सांख्यान, अरविंद, मार्गदर्शन केंद्र प्रमुख अशोक शर्मा, मीडिया प्रभारी कमल ठाकुर, पूर्व इकाई अध्यक्ष अजय चंदेल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
