
जयसिंहपुर (कांगड़ा)। बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन लंबागांव डिवीजन की बैठक शुक्रवार को प्रधान विनोद मेहरा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर चरचा की गई।
कर्मचारियों ने कहा कि फील्ड स्टाफ को मोबाइल भत्ता, जरूरी कलपुर्जे और सामान बोर्ड द्वारा उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। इससे फील्ड में काम करते समय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जोनल सचिव राजेंद्र चौधरी ने कहा कि मानव रहित सब स्टेशनों का हिमाचल में चलन ठीक नहीं है। यहां ऐसे सब स्टेशन कामयाब नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जबकि कर्मचारियों की संख्या लगातार घट रही है, जिससे कर्मचारियों पर काम का बोझ बढ़ता ही जा रहा है। बैठक में कर्मचारी संघ के प्रांतीय मुख्य सलाहकार सतीश शर्मा ने विशेष तौर पर शिरकत की। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को उचित ठहराया और इन्हें सरकार के समक्ष रखने की बात कही। शर्मा ने कहा कि आठ अक्तूबर को बिजली बोर्ड शिमला में बोर्ड कर्मचारियों की बैठक सीएम की अध्यक्षता में होगी। वहां पर मांगों को उनके समक्ष रखा जाएगा। बैठक में उत्तम चंद, विनोद कटोच, ओंकार चंद, रत्न चंद, मिलाप चंद, विपन कुमार और राजमल आदि उपस्थित रहे।
