
जालंधर: यंगस्टर्स को टार्गेट करके बनाई गई फिल्म ‘फुकरे’ नए कलाकारों से सजी है। इसमें पुलिकत सम्राट, मनजोत सिंह, अली फैजल, रिचा चड्ढा, वरुण शर्मा, प्रिया आनंद और विशाखा सिंह ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म दिल्ली में रहने वाले चार ‘फुकरों’ की कहानी है जो लोगों में बसे ‘फुकरेपन’ को सलाम करती है। इनकी जिंदगी उन्हें एक-दूसरे से मिलाती है और एक दूसरे के साथ कुछ इस कदर बांध देती है कि ये चारों अच्छे दोस्त बन जाते हैं।
दरअसल, ये चारों फुकरे कॉलेज में प्रवेश लेने और गर्लफ्रैंड बनाने के लिए पूरी तरह से जद्दोजहद कर रहे हैं। दिल्ली की ठेठ भाषा में ‘फुकरे’ शब्द का अर्थ ‘किसी काम के लायक न होना’ होता है, जबकि रिचा चड्ढा इसे फकिराना तरबीयत के साथ जोड़ती हैं। उनका कहना है कि इन लोगों के सपने तो बहुत बड़े-बड़े हैं लेकिन इनकी जेब में पैसे नहीं हैं। इसलिए ये फुकरे हैं। ‘फुकरे’ 14 जून को रिलीज की जाएगी।
