
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक नगर बद्दी की साथ सटे हरियाणा में दिनदहाडे़ लूट ने तीन राज्यों की पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस वारदात से बीबीएन के उद्यमियों को चिंता बढ़ गई हैं। उद्यमियों का कहना है कि बद्दी को चंडीगढ़ से जोड़ने वाले इस बद्दी-सिसवां मार्ग को वह अक्सर प्रयोग करते हैं और अगर दिन में ही ऐसी घटनाएं होती हैं तो रात को स्थिति और खराब हो सकती है।
सोमवार को जिस प्रकार लुटेरों ने बरोटीवाला के एटीएम में कैश डालने के लिए आ रही कैश डिलीवरी वैन को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया उससे कई सवाल भी खड़े हुए हैं। चार लुटेरों ने फिल्मी स्टाइल में पुलिस की वर्दी पहन कर निजी वर्ना कार में वैन को रोका। लुटेरों को पता था कि सादे कपड़ों में बैंक का कैश ले जा रहे वाहन को नहीं रोका जा सकता है। उन्होंने जहां वैन में हथियार बंद गनमैन को चालाकी से काबू किया और मिर्ची डाल पैसों का ट्रंक लेकर चलते बने। सोमवार को पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल की देश के प्रमुख उद्यमियों से मोहाली में सम्मेलन था। जिसमें नई औद्योगिक नीति की घोषणा होनी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब के दो एसपी इस लूट के तुरंत बाद टिपरा गांव पहुंचे और जांच आरंभ कर दी। हालांकि यह वारदात हरियाणा में हुई और लुटेरे पंजाब की ओर भागे लेकिन पंजाब पुलिस ने भी चौकसी बरतते हुए मुआयना किया।
पंजाब पुलिस मोहाली सिटी एसपी रमिंद्र सिंह और एसपी डिटेक्टिव विंग बलविंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में मिलीभगत की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता। दिन के समय व्यस्त रोड पर कोई भी लूट करना संभव नहीं है और चाहे लुटेरे पुलिस के वेश में थे लेकिन उनको शोर तो मचाना चाहिए था। वहीं हिमाचल पुलिस बद्दी के एसपी अरुल कुमार ने कहा कि यह मामला हमारे अधिकार क्षेत्र से बाहर का है इसीलिए हम कुछ नहीं कर सकते हैं, लेकिन पुलिस बार्डर एरिया पर लगातार वाहनों की चेकिंग कर रहे हैं
