फिर सक्रिय हुआ खनन माफिया

बरठीं (बिलासपुर)। जनपद बिलासपुर की खड्डों में अवैध खनन माफिया दोबारा सक्रिय हो चुका है। हालांकि खनन विभाग द्वारा समय समय पर कार्रवाई की जाती है। कुछ समय ही उसका असर दिखाई देता है। कुछ दिनों बाद खनन माफिया मनमर्जी से अवैध खनन को अंजाम देता है।
जिला की सीर खड्ड, शुक्र खड्ड सहित अन्य नदी नालों में हो रहे अवैध खनन के चलते खड्डों का जल स्तर भी काफी कम हो गया है। कई सिंचाई योजनाएं व पेयजल योजनाएं भी गर्मी के मौसम में दम तोड़ने लगी हैं। क्षेत्र के लोगों में श्यामलाल, सूरत सिंह, अलबेल सिंह, सुरेश कुमार, संजय ने कहा कि सीर, शुक्र, सरहयाली सहित अन्य खड्डों में खनन माफिया लगातार अवैध खनन कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश द्वारा अवैध खनन पर प्रतिबंध के बावजूद इन खड्डों से प्रतिदिन दर्जनों ट्रैक्टर रेत, बजरी व पत्थर उठा रहे हैं। इसे महंगे दामों पर बेचा जा रहा है। यहीं नहीं अवैध खनन से न सिर्फ जलस्तर नीचे गिर रहा है बल्कि विभाग को भी लाखों रुपए का चूना लग रहा है। क्षेत्र के लोगों ने विभाग से अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जिला खनन अधिकरी नीरजकांत ने कहा कि हर दिन विभिन्न खड्डों में अवैध खनन माफिया के खिलाफ छापामारी की जा रही है। इस दौरान जो खनन माफिया पकड़ा जा रहा है। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts