फिर बंद सड़क ने ली महिला की जान

उत्तरकाशी। आपदा में बंद हुई सड़कों से जान जा रही हैं। अभी शनिवार को धुमाकोट (कोटद्वार) के पटोटिया गांव की एक गर्भवती को सड़क बंद होने से समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका, जिससे उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अब उत्तरकाशी के तिहार गांव में पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट आकर घायल हुई महिला को बंद सड़क के चलते जान गंवानी पड़ी।
तिहार गांव निवासी पूरण सिंह रावत ने बताया कि गांव की नबिता देवी (28 वर्ष) पत्नी धमेंद्र रावत मंगलवार को गांव की अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास काटने गई थी। दोपहर करीब दो बजे पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। साथी महिलाओं ने तत्काल गांव में इसकी सूचना दी। ग्रामीण उसे किसी तरह सड़क तक लेकर आए लेकिन आगे रास्ते बंद होने से घायल महिला को अस्पताल तक नहीं पहुंचाया जा सका। उपचार नहीं मिलने से महिला की रास्ते में ही मौत हो गई।

Related posts