फिर पैर पसारने लगा कोरोना, दो की और मौत, 41 नए पॉजिटिव मिले

चंडीगढ़

कोरोना वायरस।
पठानकोट और लुधियाना में मंगलवार को दो कोरोना प्रभावित मरीजों की मौत के साथ ही पंजाब में इस महामारी से मरने वालों की संख्या 46 हो गई। इसके अलावा एक ही दिन में राज्य में कोरोना के 41 नए पॉजिटिव केस भी सामने आए हैं, जिनमें छह मरीज विदेश से पंजाब लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में कोरोना से पीड़ितों की संख्या बढ़कर 2342 हो गई है।

इस बीच, 17 मरीजों के ठीक होने की भी खबर आई है, जिससे कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या 2017 तक पहुंच गई है। मंगलवार को सबसे ज्यादा 11 कोरोना पॉजिटिव केस जालंधर में सामने आए, जिनमें 8 लोग पहले से पीड़ित व्यक्ति के करीबी हैं, जबकि तीन मरीज विदेश से लौटे हैं।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में अब बिना मास्क मिले तो देना होगा 500 रुपये जुर्माना, आदेश जारी

पठानकोट में 8 केसों की पुष्टि हुई, जिनमें एक मरीज विदेश से लौटा है। 4 लोग पहले से पीड़ित के करीबी और 2 मामले नए केस के रूप में दर्ज हुए हैं। इनके अलावा संगरूर में 6, लुधियाना में 4, अमृतसर, मोगा, कपूरथला, गुरदासपुर में 2-2 केस, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और नवांशहर में 1-1 पॉजिटिव केस दर्ज किया गया है।

इसी दौरान कोरोना से ठीक हुए 17 मरीजों में से 12 होशियारपुर और 5 गुरदासपुर के हैं। वहीं, कोरोना से मरने वालों लोगों की सूची से पंजाब सरकार ने दो नाम हटा दिए हैं, क्योंकि वे दूसरे राज्य के रहने वाले निकले हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक 96329 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में इस समय 279 मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें से तीन की हालत गंभीर है।

पठानकोट: कोरोना पॉजिटिव की मौत, सात नए केस मिले
पठानकोट में कोरोना का कहर थमता नजर नहीं आ रहा है। मंगलवार को विभिन्न इलाकों में 2 बच्चों समेत 7 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, इंदिरा कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति की अमृतसर के जीएनडीएच आइसोलेशन वार्ड में मौत हो गई। नए मामलों समेत पठानकोट में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 69 पहुंच गया है। संक्रमितों की मौत का आंकड़ा 4 हो गया है।

इनमें पहला मामला सुजानपुर निवासी महिला, दूसरा मामून के ऑटो ड्राइवर, तीसरा मीरपुर निवासी सब्जी आढ़ती और चौथा मामला शहर के इंदिरा कॉलोनी का है। एसएमओ डॉ. भूपेन्द्र सिंह के अनुसार सात पॉजिटिव में से 2 ओहरियां मोहल्ला, 2 अंदरूण बाजार,1 गांव शादीपुर निवासी,1 छोटा दौलतपुर निवासी तो एक अन्य मामला फ्रेंड्स कालोनी का है। वहीं, संक्रमितों में 7 और 8 साल के बच्चे भी शामिल हैं। डीसी ने बताया कि पठानकोट में अब तक कुल 69 मामले सामने आए हैं। जिनमें 7 नए केस मिलाकर 31 एक्टिव केस हैं।

कोरोना पीड़ित 86 साल के बुजुर्ग की मौत
लुधियाना में मंगलवार को मोहन दाई कैंसर अस्पताल में कोरोना से फौजी मोहल्ला नजदीक बस स्टैंड निवासी 86 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। लुधियाना में अब तक कुल नौ लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में अब तक 201 कोरोना पॉजिटिव केस आ चुके हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने 409 लोगों के सैंपल जांच को भेजे। वहीं एमसीएच वर्धमान से सात लोग ठीक होकर घर चले गए। सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश बग्गा ने बताया कि मंगलवार को सात लोगों को सेहतमंद होने के बाद छुट्टी दे दी गई है। इसमें छह आरपीएफ जवान और एक केंद्रीय जेल का बंदी है।

फरीदकोट: कुवैत से लौटा 35 वर्षीय युवक संक्रमित
फरीदकोट में कुवैत से लौटे एक 35 वर्षीय युवक के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस युवक को पहले से ही बरगाड़ी के एक स्कूल में एकांतवास में रखा गया था। रिपोर्ट आने के बाद उसे श्री गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।

सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि नया केस आने के बाद अब जिले में कोरोना पीड़ित की संख्या 64 हो चुकी है और 63 को ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर भेजा जा चुका है। इनमें से जैतो के गांव सेढ़ा सिंह वाला से संबंधित एक मरीज को मंगलवार को ही घर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि अब जिले में एक ही एक्टिव केस है।

मंडी गोबिंदगढ़ में एक और पॉजिटिव
गोबिंदगढ़ के अजनाली क्षेत्र में दिल्ली से लौटा एक 44 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव आया है। फतेहगढ़ साहिब में अब कोरोना पीड़ितों की संख्या सात हो गई है। एसडीएम आनंद सागर शर्मा ने बताया कि उक्त व्यक्ति 22 मई को दिल्ली से आया था और घर में ही क्वारंटीन था। 31 मई को जिले के स्वास्थ्य विभाग ने उसका सैंपल लिया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे ज्ञान सागर अस्पताल बनूड़ में दाखिल कराया गया।

जालंधर: कोरोना के 10 नए केस, संख्या 265 तक पहुंची
जालंधर जिले में मंगलवार को कोरोना के 10 नए केस मिले। इसके बाद जिले में मरीजों की संख्या 265 तक पहुंच गई है। इसमें सात केस एक ही परिवार से हैं, जो डिफेंस कालोनी के रहने वाले हैं। यह संक्रमित मरीज एक उद्यमी की चेन के जरिए पॉजिटिव पाए गए हैं।

होशियारपुर में दो नए केस मिले
होशियारपुर जिले में दो नए कोविड-19 पॉजिटिव केस मिले हैं। सिविल सर्जन डॉ. जसवीर सिंह ने बताया कि गांव भाना (गढ़दीवाला) के व्यक्ति की लुधियाना में 30 मई को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके अलावा दूसरा मामला दसूहा सब-डिवीजन के गांव चौहान का है, जहां की मनवीत कौर की जालंधर में रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी और अब वह मरीज कोरोना मुक्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि अब जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 131 है, जिनमें 18 एक्टिव केस हैं।

कुवैत से लौटा युवक निकला संक्रमित
पटियाला के गांव बलसुंआ का रहने वाला 22 साल का युवक मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। यह युवक 27 मई को कुवैत से लौटा था और इसके बाद से ही गुरुद्वारा साहिब में बने सेंटर में क्वारंटीन किया था। रिपोर्ट आते ही युवक को सरकारी राजिंदरा अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल करा दिया गया है। साथ ही उसके घर व पड़ोसियों के घरों पर रोगाणुमुक्त स्प्रे करा दिया गया है।

सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि मंगलवार को जिले के विभिन्न स्थानों से स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा कुल 323 सैंपल लिए गए हैं जिनकी रिपोर्ट बुधवार को आएगी। अब तक कोविड जांच संबंधी 5957 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें से 127 पॉजिटिव रहे हैं।

 

Related posts