
कांगड़ा। विधायक पवन काजल ने कहा कि भविष्य में जो भी व्यक्ति फिटर या फिर आईपीएच कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार करेगा, उसका पानी का कनेक्शन दो माह के लिए अस्थायी रूप से काट दिया जाएगा। शनिवार को काजल ने आईपीएच कार्यालय में पहुंच कर रोष जता रहे कर्मचारियों को शांत करवाया और उन्हें दोबारा काम पर लौटने को कहा। इनके रोष की वजह से शहर में दो दिन से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई थी। विधायक के आश्वासन के बाद कर्मचारी काम पर लौट आए हैं। बैठक के दौरान थाना प्रभारी मोहिंद्र सिंह मन्हास ने कर्मचारियों को बताया कि पुलिस पीड़ित को न्याय दिलाएगी। बैठक में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ कांगड़ा उपमंडल के उपाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह ने कहा कर्मचारियों पर हमले किसी भी सूरत में सहन नहीं किए जाएंगे। बैठक में सुंदर लाल, देसराज, संजू, नंदलाल, मेहर चंद, दीप, बंसी लाल, नरेंद्र कुमार, सुभाष चंद, ओमप्रकाश सहित विभाग के एसडीओ आरके डोगरा और विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।
