फार्मेसिस्ट रहे दो घंटे कार्य बहिष्कार पर

अल्मोड़ा। मांगों को लेकर डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के प्रांतीय आह्वान पर मंगलवार को जिले के फार्मेसिस्ट दो घंटे कार्य बहिष्कार पर रहे। इस दौरान सरकारी अस्पतालों में दवा और इंजेक्शन लगाने का काम बाधित रहा।
जिला अस्पताल में हुई फार्मेसिस्टों की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यदि फार्मेसिस्टों की मांगें नहीं मानी गई तो कल 16 से 18 अक्तूबर तक सुबह आठ से 11 बजे तक तीन घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद भी समस्याएं हल नहीं हुई तो 21 से 23 अक्तूबर तक 72 घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
अध्यक्षता जिलाध्यक्ष एनएस राणा और संचालन जिला मंत्री एमसी अधिकारी ने किया। इस मौके पर गोकुल मेहता, प्रेम चंद्र, अशोक पांडेय, श्याम लाल, जेपीएस मनराल, एमएस किरौला, जीसी तिवारी, एनएस फर्त्याल, एमएम सिंह रौतेला, एमएस बगडवाल, शशि बिष्ट, बसंती तिरुवा, जीसी जोशी आदि मौजूद थे। इस अवसर पर बैसखेत में तैनात फार्मेसिस्ट डीके जोशी की माता माहेश्वरी जोशी के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रख कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी गई।

Related posts