फार्मासिस्ट को तरसा जन औषधि केंद्र

चंबा। जिला अस्पताल के जन औषधि स्टोर में लंबे अरसे बाद भी फार्मासिस्ट की तैनाती नहीं हो पाई है। अस्पताल प्रशासन स्टोर में फार्मासिस्ट की तैनाती जल्द करने के दावे कर रहा था, मगर समय बीतने के साथ ही उसका रवैया सुस्त हो गया है। स्टोर बंद होने से मरीजों को महंगे दामों में बाजार से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं। पहले सेवाएं दे चुके फार्मासिस्ट ने दवाइयों की बिक्री न हो पाने के कारण रिजाइन कर दिया था। उसके बाद दो माह से जन औषधि केंद्र बंद है। प्रदेश के बाकी जिलों में जन औषधि केंद्र अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि चंबा का यह केंद्र जिला अस्पताल के डाक्टरों और प्रशासन के असहयोग के चलते बंद हो गया है। चरचा है कि पहले छोड़कर जा चुके फार्मासिस्ट को खर्च निकालने के लाले पड़े होने के कारण केंद्र को शुरू करने में दिक्कत आ रही है। अस्पताल प्रशासन नए फार्मासिस्ट की तैनाती की योजना बना रहा है, मगर अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। स्टोर में रखी दवाइयां भी बिना फार्मासिस्ट के धूल फांक रही हैं और खराब होने के कगार पर हैं। उधर, अस्पताल के एमएस डा. विनोद शर्मा ने बताया कि फार्मासिस्ट की नियुक्ति को जल्द विज्ञापन जारी किया जा रहा है। उसके बाद साक्षात्कार होगा और पात्र फार्मासिस्ट की तैनाती जन औषधि केंद्र में होगी।

Related posts