
रामपुर बुशहर(संदीप वर्मा) जिला स्तरीय फाग मेले के आयोजन को लेकर वीरवार को एसडीएम की अध्यक्षता में विशेष बैठक बुलाई गई। बैठक में नगर परिषद, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग और आईपीएच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में मेले के सफल आयोजन के लिए विस्तार से रूपरेखा तैयार की गई। मेले का आयोजन 18 से 21 मार्च तक किया जाएगा। मेले में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से करीब 14 देवी देवताओं को बुलाया जाएगा। मेले में आने वाले देवताओं का स्वागत नगर परिषद के सभी सदस्यों और प्रशासन के अधिकारियाें को मिलकर करना होगा। मेले के दौरान यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के लिए कुमारसैन और झाकड़ी से अतिरिक्त पुलिस कर्मी बुलाए जाएंगे। वहीं, सड़क के दोनों ओर पार्क वाहनों को हटाया जाएगा। बस स्टैंड से लेकर स्कूल ग्राउंड तक गाड़ियों को हटाया जाएगा। ये वाहन 16 मार्च से हटाए जाएंगे। मेले में लगे सभी स्टॉलों में डिस्पॉजल प्लेट और गिलास में ही खाद्य सामग्री देनी होगी। मेले में खाना और मिठाई बनाने वालों पर भी विभाग की नजर रहेगी। बैठक में नगर परिषद रामपुर के अध्यक्ष दीपक सूद, तहसीलदार रामपुर मुकेश शर्मा, उपाध्यक्ष हरीश लक्टूू, एसएमओ. डा. अजीत नेगी, प्रधानाचार्य राकेश वशिष्ठ, खंड स्वास्थ्य अधिकारी राजस्वी, थाना प्रभारी रामपुर मंगत राम, व्यापार मंडल के प्रधान हरीश गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद थे।
