फसल तबाह, किसानों ने मांगा मुआवजा

महादेव (मंडी)। सुंदरनगर के सलवाणा पंचायत में मौसम की मार से मक्की, धान सहित नगदी फसलों को काफी नुकसान हुआ है। प्रभावितों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है। बीते दिनों अंधड़ और बारिश ने क्षेत्र के दर्जनों किसानों की साल भर की मेहनत चौपट कर दी। तेज हवा ने खड़ी फसलों को बिछा दिया। इसकी सूचना पंचायत और स्थानीय पटवार सर्कल में कर दी थी और सरकार से नुकसान की भरपाई की मांग की गई थी। सुंदरनगर के सलवाणा पंचायत के सलवाणा-एक और दो, मनवाणा, गुड्डीधार, फागला, जावण, बडोग, गलू, अंबू, पलास, थारू सहित खलियाणा गांवों में बीते दिनों भारी बारिश और तूफान ने फसलों को तबाह कर दिया था। बारिश से जहां भूस्खलन से मकान और रास्ते क्षतिग्रस्त हुए हैं, वहीं किसानों की फसलें भी पूरी तरह तबाह हो गई हैं। किसान जयराम, कृष्ण, गरजा, डागूराम, परस राम, अछरूराम, देवी राम, रामलाल, बेसरिया, सेवक राम, कर्म सिंह, मेनकू, केलू, राम सिंह, सुरजन, हरि दत्त, मुंशी, धनीराम, रमेश, हुकम चंद, राधाराम और जीवन राम की सैकड़ाें बीघा खेतों में बीजी मक्की, धान तथा मटर आदि की नकदी फसल बर्बाद हो गई है। जिस कारण क्षेत्र के किसानों को साल भर की कमाई डूब गई। वार्ड पंच हंसराज ने बताया कि पंचायत में बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान पर प्रस्ताव पास किया जाएगा और प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की जाएगी। इधर, तहसीलदार गुलाब सिंह ठाकुर ने बताया कि तय मानकों के आधार पर किसानों के नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा।

Related posts