फसलों के नुकसान पर मुआवजा दे सरकार

नेरचौक (मंडी)। हिमाचल किसान सभा बल्ह इकाई की बैठक में किसानों व क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर चरचा की गई। बैठक की अध्यक्षता सभा के अध्यक्ष परसराम ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि पांच मई से किसान सभा सदस्यता अभियान शुरू करेगी।
शुक्रवार को आयोजित बैठक में किसानों की समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। किसान सभा बल्ह इकाई के अध्यक्ष परसराम ने कहा कि बंदर व आवारा पशु किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, लेकिन अभी तक किसी भी सरकार ने किसानों को इस समस्या से निजात नहीं दिलाई। उन्होंने सरकार से मांग की है कि बंदरों व आवारा पशुओं द्वारा फसलों को पहुंचाए जा रहे नुकसान की एवज में किसानों को मुआवजा दिया जाए। किसान सभा ने नेरचौक में सीवरेज का निर्माण करने की मांग उठाई है। इसके अलावा स्थायी बस स्टैंड व टैक्सी स्टैंड बनाने का मांग की है।
परसराम ने कहा कि कुम्मी पंचायत में आईपीएच विभाग की लापरवाही से 500 बीघा जमीन पानी में डूब गई। इसका किसानों का मुआवजा दिया जाए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिवालसर में डाक्टर व स्टाफ की नियुक्ति की जाए। सभा ने सरकार से बिजली की दरों में की गई बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की है। डडौर से नागचला तक बनने वाले फोरलेन की जगह फ्लाई ओवर का निर्माण किया जाए। फोरलेन निर्माण के लिए अधिग्रहित की जाने वाली जमीन का उचित मुआवजा दिया जाए। वामतट परियोजना को तुरंत चालू किया जाए। बैठक में गंगा राम, प्रदीप कुमार, कर्म सिंह, ठाकुर सिंह, माली राम, बेसर सिंह, परमानंद शर्मा, बेली राम भाटिया व जीत राम आदि मौजूद थे।

Related posts