
बनबसा। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री जगत सिंह मिताड़ी ने कहा कि सरकार ने जल्द ही फसलों के समर्थन मूल्य नहीं बढ़ाए तो किसान राज्यव्यापी आंदोलन को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा कानून लागू करने से पहले सरकार फसलों का समर्थन मूल्य तय करें।
भाजपा नेता ने कहा कि सरकार को पहले किसानों के हितों की रक्षा करते हुए फसलों के समर्थन मूल्य निर्धारित करने होंगे। उन्होंने गेहूं का समर्थन मूल्य 2500, धान का 2150 और गन्ने का समर्थन मूल्य 400 रुपये प्रति कुंतल तय किए जाने की वकालत की। कहा कि देश के लिए दो वक्त का भोजन मुहैया कराने वाले किसान को उसकी जी तोड़ मेहनत का उचित दाम नहीं मिल पा रहा है। काश्तकारों के हितों की रक्षा के साथ ही उन्हें सस्ते और सब्सिडी पर उन्नत बीज, खाद, डीजल, औषधियां और उर्वरक उपलब्ध कराने की योजना बनाने की मांग की। मिताड़ी ने कहा कि देश में कृषि भूमि के संरक्षण को भी ठोस कानून बनना चाहिए। उपजाऊ भूमि पर उद्योग और कालौनियों के निर्माण पर सख्ती से रोक लगनी चाहिए।
