
कीर्तिनगर। एसबीआई शाखा के कैशियर की मदद से सरकारी सस्ते गल्ला विक्रेता की ओर से फर्जी हस्ताक्षर कर महिला उपभोक्ताओं के खातों से 36 हजार की धनराशि निकालने का मामला प्रकाश में आया है। महिलाओं ने एसडीएम से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
केंद्र सरकार की कैश ट्रांसफर सब्सिडी योजना के तहत रसोई गैस तथा मिट्टी तेल में मिलने वाली सब्सिडी को खातों में स्थानांतरित करने की योजना है। अभी इस योजना के तहत लोगों की खाता संख्या मांगी जा रही है। बिल्केदार की महिलाओं ने भी अपनी खाता संख्या सरकारी सस्ते गल्ले विक्रेता को दे दी। बिल्केदार क्षेत्र की पांच महिलाओं के खातों से फर्जी हस्ताक्षर कर रकम निकाल ली गई।
विमला देवी, उर्मिला देवी, दीपा देवी और अमरा देवी ने आरोप लगाया कि सस्ता गल्ला विक्रेता मनमोहन सिंह ने उनसे खाता संख्या यह कह कर ली कि खाद्यान्न में मिलने वाली छूट की धनराशि सीधे उनके खातों में आएगी। बाद में एसबीआई के बैंक कैशियर से मिलकर बिना पासबुक के फर्जी हस्ताक्षर कर 36000 की रकम निकाल ली। महिलाओं ने तिथिवार निकाली गई रकम का ब्योरा एसडीएम के समक्ष लिखित रूप में प्रस्तुत कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मांगी जा रही खाता संख्या
योजना के तहत अभी केवल उपभोक्ताओं से खाता संख्या मांगी जा रही है। छूट कब से मिलेगी, इसका निर्धारण केंद्र को करना है। सब्सिडी के माध्यम से खातों में केेवल रसोेई गैस और मिट्टी तेल की ही धनराशि पहुंचेगी। – खुशाल सिंह कोहली, जिला आपूर्ति अधिकारी पौड़ी।
जांच होगी
पूरे प्रकरण की जांच की जाएगी। उपभोक्ताओं की लिखित शिकायत मिल गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। – बृजेश कुमार तिवारी, उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर।
इनके खातों से निकाली गई धनराशि
नाम दिनांक निकाली गई धनराशि
विमला देवी 27 मई 10 हजार
उर्मिला देवी 13 मई 5 हजार
दीपा देवी 17 मई 8 हजार
अमरा देवी 15 मई 8 हजार
अमरा देवी 22 मई 5 हजार
