
बम्म (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोट में फर्जी राशनकार्डों को मामला सामने आया है। पंचायत रिकार्ड के अनुसार जहां पंचायत में 799 राशनकार्ड धारक हैं। सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत ली गई सूचना के अनुसार पंचायत में यह 780 है। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत ली गई सूचना में इसका खुलासा हुआ है।
जानकारी के अनुसार जिन परिवारों का परिवार रजिस्टर में पंचायत कार्यालय में नाम अलग नहीं है। उन्हें भी राशनकार्ड जारी किए गए हैं। इससे सरकार को भी लाखों रुपये का चूना लगा है। सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत ली गई सूचना में पंचायत में 19 राशनकार्ड फर्जी पाए गए हैं। उधर, इसकी सूचना मिलने पर पंचायत प्रधान ने आनन-फानन में सभी राशनकार्ड जब्त कर लिए हैं। फर्जी राशनकार्डों पर यह लोग सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाला सस्ता राशन तीन माह का राशन भी डकार चुके हैं। गुरुवार को भाजपा नेता राजेंद्र गर्ग, महेंद्र धर्माणी की अगुवाई में एसडीएम घुमारवीं राजीव कुमार को ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की जांच करवाई जाए। इस दौरान पंचायत के अनिल कुमार, सुभाष गौतम, लक्ष्मीदत्त, सीता राम, बेसरी राम भी मौजूद थे।
पंचायत प्रधान रणजीत सिंह ने कहा कि अगर पंचायत में किसी परिवार का राशनकार्ड गलती से बन गया हो तो उसे उसी समय रद्द कर दिया जाता है। पंचायत में कुल 780 राशनकार्ड ही बने हैं। एसडीएम घुमारवीं राजीव कुमार ने कहा कि इस मामले की जांच करवाई जाएगी।
