
पांवटा साहिब (सिरमौर)। डीएसपी पांवटा ने अवैध रूप से मोबाइल सिम बेचने की शिकायत को गंभीरता से लिया है। शिकायत मिलते ही, सूरजपुर में दबिश दी गई। एक व्यक्ति को अवैध रूप से सिम बेचते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। इससे इस तरह का फर्जीवाड़े का धंधा करने और दूसरों के आईडी प्रूफ पर सिम बेचने वालों में हड़कंप मच गया है।
डीएसपी पांवटा नरवीर सिंह राठौर को शिकायतें पहुंच रही थी कि किसी अन्य की आईडी प्रूफ पर अवैध ढंग से अजनबियों को कुछ डीलर मोबाइल सिम बेच रहे हैं। पांवटा के एक पूर्व पार्षद समेत कुछ लोगों की ऐसी ही शिकायत पुलिस थाने में भी की थी। स्थानीय क्षेत्र में कार्यरत एक कंपनी के सर्विस प्रोवायडर से भी ऐसी ही सूचना पुलिस को मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लिया गया। इसके लिए पुलिस अधिकारी ने पुख्ता सबूत जुटाए। इसके बाद संदिग्ध स्थल पर डीएसपी पांवटा की टीम ने दबिश दी। सूरजपुर मालवा काटन के समीप दबिश देकर राजेश कुमार पुत्र मोहन सिंह निवासी सूरजपुर पुरुवाला को अवैध तरीके से मोबाइल सिम कार्ड बेचते रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी से 27 सिम भी बरामद किए गए।
उधर, डीएसपी पांवटा नरवीर सिंह राठौर ने पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि आईपीसी की धारा 420, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज कर, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीएसपी ने कही कि ऐसे अवैध रूप से मोबाइल सिम बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
