फर्जी अफसर दो सितंबर तक पुलिस रिमांड पर

कांगड़ा। फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने वाले तीन लोगों को कांगड़ा की अदालत ने दो सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड में पुलिस तीनों से पूछताछ में कई राज उगलवाएगी। फर्जी अधिकारी बनकर तीनों ने कहां-कहां लोगों से पैसे ऐंठे हैं, इसका खुलासा भी पूछताछ में किया जाएगा। अदालत ने बलौटा निवासी किशन चंद, डाढ निवासी सुरेश कुमार और गगल खास निवासी प्रवीण कुमार को दो सितंबर तक पुलिस रिमांड में भेजा है। शुक्रवार को इन्हें न्यायालय में पेश किया गया था। जांच में यह भी सामने आया है कि इन लोगों ने जमानाबाद स्थित निजी स्कूल लिटिल एंजिल में भी धोखाधड़ी की है। वहां से भी 10 हजार रुपये ठगकर ले गए। मामले की शिकायत पुलिस में स्कूल प्रबंधन की ओर से की गई थी। एसएचओ महिंद्र सिंह मिन्हास ने बताया कि स्कूलों में धोखाधड़ी कर पैसे एेंठने के मामले में तीन लोगों को 2 सितंबर तक रिमांड पर लेने के आदेश हुए हैं।

मारपीट का आरोपी पुत्र न्यायिक हिरासत में
कांगड़ा। पिता से मारपीट करने के मामले में उसके पुत्र पुनीत को 12 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस थाना कांगड़ा में इस मामले में श्याम लाल ने अपने बेटे पुनीत के खिलाफ उसके साथ मारपीट करने का मामला पुलिस थाना कांगड़ा में दर्ज करवाया था। एसएचओ महिंद्र सिंह मिन्हास ने पिता के साथ मारपीट करने के मामले में उसके पुत्र पुनीत को 12 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की पुष्टि की है।

Related posts