फड़ व्यवसायियों के विरोध में आया व्यापार मंडल

नैनीताल। फड़ व्यवसायियों के दोबारा पंत पार्क स्थित पेविंग स्थल में काबिज होने के बाद व्यापार मंडल का विरोध में मुखर हो गया है। व्यापारियों ने राज्यपाल की ओर से फड़ व्यवसायियों को पंत पार्क के समीप रेहड़ी लगाने की अनुमति देने को अव्यवहारिक करार दिया। तय किया गया कि मामले में शीघ्र एक प्रतिनिधिमंडल महामहिम से मिलेगा। उनकी समस्या का निस्तारण नहीं हुआ तो जोरदार आंदोलन छेड़ा जाएगा।
राम सेवक सभा में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पंत पार्क समेत नगर के अन्य स्थानों पर फड़ व्यवसाय होने से व्यापारी खासे परेशान है। व्यापारी बिजली, पानी और व्यापार कर नियमित रूप से जमा करते हैं। जबकि फड़ व्यवसायी बिना किसी टैक्स के मुनाफा कमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस की पहल पर लंबे समय तक शहर अवैध व्यापार से निजात मिली। लेकिन फड़ व्यवसायियों के शिष्टमंडल के प्रदेश के राज्यपाल से मिलने के बाद उन्हें हरी झंडी मिल गई। जिससे व्यापारियों में रोष है। तय किया गया कि मल्लीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन सिंह नेगी और तल्लीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष मारुति साह के नेतृत्व में शीघ्र ही एक शिष्टमंडल प्रदेश के राज्यपाल से मिलेगा। चेतावनी दी गई कि इसके बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन के तहत सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे जाएंगे। प्रतिदिन जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में महेश जोशी, सोनू बिष्ट, कमलेश ढौंढियाल, जगदीश बवाड़ी, त्रिभुवन फर्त्याल, विवेक वर्मा, पारस वर्मा, रुचिर साह, आनंद खंपा, अफजाल सिद्दीकी मौजूद थे।

Related posts