
काशीपुर। एक किशोरी ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काम पर गए परिजनों को पता तब चला जब मृतका का सबसे छोटा भाई खाना खाने घर पहुंचा। मृतका चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र की एक 15 वर्षीय किशोरी ने मंगलवार सुबह घर के कमरे में रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। मृतका का सबसे छोटा भाई खाना खाने घर पहुंचा तो उसने घर का मुख्य दरवाजा खटखटाया, लेकिन जब बहुत देर तक दरवाजा नहीं खुला। तो वह घर की दीवार फांदकर अंदर गया, वहां बहन को फांसी पर झूलता देख डर गया। उसने इसकी जानकारी पास ही रह रहे गांव के अन्य लोगों को दी। लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतका के माता-पिता व अन्य भाइयों को सूचना दी। इसके बाद परिजन घर पहुंचे। बेटी को फांसी में झूलता देख पूरे घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतका के पिता ने बताया कि वह बेहद गरीब है। पीड़ित दंपति फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि मृतका सबसे बड़ी थी। आर्थिक तंगी के चलते कक्षा नौ के बाद वह स्कूल नहीं गई। लेकिन उसने इतना बड़ा फैसला कैसे लिया इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है।
