
महादेव (मंडी)। अलीगढ़ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर डा. अरशद अंजुम की मौत की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव सुंदरनगर के रामपुर सहित कनैड़ में मातम छा गया। हाइ प्रोफाइल इस घटना से क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया। स्थानीय लोग खबर सुन कर हैरत में आ गए। वहीं अरशद अंजुम के पिता सहित परिजन अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए। जानकारी के मुताबिक अरशद अंजुम की आज सवेरे अपने परिजनों से करीब 11 बजे फोन के माध्यम से बात हुई थी। उनकी भांजी को एक परीक्षा के लिए अलीगढ़ जाना था। दोपहर एक बजे चंडीगढ़ से अरशद के साले ने उनके पिता को प्रोफेसर के फांसी लगा कर आत्महत्या करने की सूचना दी। इससे उनके पिता कासिम सहित पूरे परिवार पर पहाड़ टूट पड़ा। वहीं अरशद अंजुम की इस तरह मौत पर आशंका भी जताई जा रही है। अरशद अंजुम अगले सप्ताह नौकरी के लिए अपनी पत्नी और चार माह की बेटी सहित विदेश जाने वाले थे। उनका बीजा वगैरह सभी मुकम्मल हो चुके थे। उनके परिवार में उनके अलावा तीन भाई हैं।
