प्रोजेक्ट का काम बंद करने की धमकी

रामपुर बुशहर। मांगें पूरी न करने पर प्रभावितों ने राजपुरा प्रोजेक्ट प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रभावितों ने वीरवार को उपायुक्त शिमला को ज्ञापन भेजा और मांग की कि 29 मई से पहले उनको उनका हल दिलवाया जाए। प्रोजेक्ट प्रभावितों ने इस अवधि तक मांगें पूरी न किए जाने पर काम बंद करने की कड़ी चेतावनी दी है।
उपायुक्त को भेजे ज्ञापन में पंचायत प्रधान कृष्ण गोपाल भारद्वाज, गोपाल नेगी, अनिल चौहान, कृष्णकांत मेहता, मनोज गुप्ता, बुद्धि सिंह, त्रिलोक कायथ, कमलेश कुमार, मुकेश मेहता, दिनेश कुमार, लोलक राज, शिवदासी, पुष्पा देवी, मानसुख, बलवंत सिंह, जवाहर लाल, गुलाब मेहता, हिम्मत सिंह ठाकुर और हरदयाल सिंह ने प्रबंधन पर प्रभावितों के हितों को दरकिनार करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पंद्रह दिन यानी कि 29 मई तक प्रभावितों की मांगों पर अमल नहीं किया गया तो सभी लोग काम बंद कर देंगे। इस बीच अगर प्रबंधन को कोई नुकसान होता है तो इसके लिए वह स्वयं जिम्मेवार होगा।
ये मांगें हैं प्रभावितों की
प्रोजेक्ट प्रभावितों ने आरोप लगाया है कि प्रबंधन ने न तो फसलों तथा मकानों में आई दरारों का मुआवजा दिया है और न ही लाडा राशि की किस्त जमा कराई है। स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में भी प्रोजेक्ट प्रबंधन नाकाम साबित हुआ है। इतना ही नहीं, प्रोजेक्ट के लिए जिनकी जमीन अधिगृहीत की गई है, उनको भी रोजगार नहीं दिया गया है। जबकि, इनको रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी। निर्माण कार्य से निकलने वाले मलबे को ठिकाने लगाने के लिए डंपिंग की उचित व्यवस्था भी नहीं की गई है, जिससे पर्यावरण को सीधा नुकसान हो रहा है।

Related posts